जनवरी 4, 2026 9:15 अपराह्न

printer

भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल चुनाव में भारी बहुमत से जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं से तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में बड़ी जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एन.डी.ए. गठबंधन देशभर के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल कर रहा है और यह भरोसा रखा जा सकता है कि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी यही सिलसिला बना रहेगा। आज शाम तमिलनाडु के पुदुकोट्टई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल वंशवादी शासन पर आधारित है और भ्रष्टाचार का पर्याय है, इसलिए राज्य की जनता को इसे नकार देना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि तमिलनाडु में ए.आई.ए.डी.एम.के. गठबंधन के साथ एनडीए सरकार बनाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्‍द्र सरकार राज्य के लिए धन आवंटन में लगातार वृद्धि कर रही है और पिछले दस वर्षों में राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं के तुलनात्मक आंकड़े प्रस्तुत किए।

उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक यूपीए सरकार ने एक लाख 53 हजार रुपये की परियोजनाओं का आवंटन किया था, जबकि 2014 के बाद मोदी सरकार ने 11 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का आवंटन किया है। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेंगोल को संसद में लाकर और सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए मनोनीत करके तमिलनाडु और प्राचीन तमिल भाषा एवं संस्कृति पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने डीएमके सरकार के दागी मंत्रियों की सूची भी दी, जिनमें मनी लॉन्ड्रिंग, नौकरी के बदले रिश्वत घोटाला, रेत खनन, कोयला खनन आदि के आरोपी मंत्री शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डी.एम.के. ने राज्य में धार्मिक रैलियों की अनुमति न देकर हिंदुओं के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया है। तमिलनाडु चुनाव के प्रभारी पार्टी नेता, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अर्जुन राम मेघवाल भी बैठक में उपस्थित थे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला