कुल्लू क्षेत्र के एक एकदिवसीय दौरे पर आए नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने रविवार सुबह बंजार विधानसभा क्षेत्र के सोझा गाँव में ग्रामीणों के साथ पौधरोपण किया। जय राम ठाकुर व बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सोझा में देवदार के पौधे लगा कर भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश में सुझाए गए “एक पेड़ माँ के नाम” पौधारापन अभियान का बंजार विधानसभा क्षेत्र से आगाज किया।
भाजपा इस बार बूथ स्तर पर पूरे प्रदेश में 50-50 पेड़ों का रोपण करेगी। प्रदेश भर में सरकार द्वारा प्रत्येक वन मंडल में 30 जुलाई को वन महोत्सव का आयोजन किया गया था व इसके बाद से ही पूरे प्रदेश में अपने अपने स्तर पर विभिन्न संस्थाओं व समूहों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा भी भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं को बूथ स्तर पर कम से कम 50-50 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। जय राम ठाकुर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज चिंता का विषय है और कहाँ ना कहीं वन आवरण बढ़ाकर इस पर काफ़ी हद तक क़ाबू भी पाया जा सकता है।
पहाड़ी क्षेत्रों के लोग वनों की महता को भली भाँति व बेहतर समझते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों की रोज़मर्रा की गतिविधियों में वनों से मिलने वाले संसाधनों का एक बड़ा हिस्सा है। इस अवसर पर बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा है कि बंजार विधानसभा क्षेत्र का वन महोत्सव कार्यक्रम 30 जुलाई को चकुरठा पंचायत में मनाया गया है। पूरी बंजार विधानसभा के अन्तर्गत पौधारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। विभिन्न संस्थाओं, समितियों व महिला तथा युवक मंडलों द्वारा भी अपने स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों की आदर्श जलवायु को बनाए रखने के लिए पौधरोपण के साथ साथ वन आवरण के सरंक्षण की भी आवश्यकता है। सरकार को वन आवरण बढ़ाने व इसके सरंक्षण के लिए समय समय पर दिये जाने वाले दिशा निर्देशों को सख़्ती से लागू करना चाहिए।