भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 292 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। सभी 543 लोकसभा सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। भाजपा ने अकेले 240 सीटें जीती हैं। तेलुगु देशम को 16 और जनता दल यूनाइटेड को 12 सीटें मिली हैं। आई.एन डी.आई ए गठबंधन को 233 सीटें मिली हैं। अन्य के खाते में 18 सीटें गई हैं। कांग्रेस ने 99 सीटें हासिल की हैं, जबकि समाजवादी पार्टी को 37 सीटें मिलीं और तृणमूल कांग्रेस को 29, डीएमके 22 सीटें जीतने में कामयाब रही।
जीतने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में वाराणसी से प्रधानमंत्री और भाजपा नेता नरेंद्र मोदी, गांधीनगर से केंद्रीय मंत्री अमित शाह, कोटा से ओम बिड़ला, बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल, जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत, गुना से भाजपा नेता ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, रायबरेली से राहुल गांधी, कन्नौज से अखिलेश यादव, मैनपुरी सीट से डिंपल यादव और आसनसोल से टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा शामिल हैं। हारने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में खूंटी से भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अमेठी से स्मृति ईरानी, बारामूला से नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला और अनंतनाग सीट से पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती शामिल हैं।
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) ने 12-12 सीटें जीती हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच सीटें, राष्ट्रीय जनता दल ने चार सीटें, कांग्रेस ने तीन और सीपीआईएम-माले ने दो सीटों पर जीत हासिल की है।
मध्य प्रदेश में भाजपा ने सभी 29 सीटों और हिमाचल प्रदेश में चारों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। उत्तराखंड में भाजपा ने राज्य की सभी पांच लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर ली है। राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से 14 भाजपा और 8 सीटें कांग्रेस के पक्ष में गई हैं। सीपीआई (एम), राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है।
महाराष्ट्र की 48 सीटों में से भाजपा ने 9 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने 13 सीटें हासिल की, शिवसेना- उद्धव ने 9, शिवसेना- एसएचएस ने 7, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – पवार ने 8 सीटें जीतीं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और निर्दलीय को एक-एक सीट पर विजय प्राप्त हुई।
Site Admin | जून 5, 2024 7:47 अपराह्न
भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में 292 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया