अगस्त 11, 2025 3:46 अपराह्न

printer

भविष्य के टेलीकॉम कार्यबल के लिए बीएसएनएल और वैश्र्विक दिग्गजों का सहयोग

केन्‍द्रीय संचार मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने आज कहा कि भारत संचार निगम लिमिटेड-बीएसएनएल और अग्रणी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के बीच सहयोग कुशल और भविष्‍य के लिए तैयार टेलीकॉम कार्यबल निर्मित करने में एक महत्‍वपूर्ण कदम है।

 

ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने नई दिल्‍ली में डिजिटल कौशल पहल के लिए एरिक्‍शन, क्‍वालकॉम, सिस्‍को और नोकिया सहित बीएसएनएल और चार अग्रणी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों के बीच सहमति पत्र पर हस्‍ताक्षर किए।

 

केन्‍द्रीय संचार मंत्री ने कहा कि यह सहयोग डिजिटल इंडिया और आत्‍मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप उद्योग-अकादमिक साझेदारियों के जरिए नवाचार, उद्यम‍शीलता तथा डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने संबंधी सरकार की वचनबद्धता को दर्शाता है। केन्‍द्रीय संचार मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कहा कि इस सहमति पत्र के तहत यह कार्यबल इन विश्‍वस्‍तरीय कंपनियों से प्रशिक्षण भी प्राप्‍त करेगा। इसकी शुरूआत जबलपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर टेलीकॉम प्रशिक्षण संस्‍थान से होगी।