फ़रवरी 2, 2026 10:52 पूर्वाह्न

printer

ब्रिटेन के पूर्व मंत्री लॉर्ड पीटर मैंडेलसन ने सत्तारूढ़ लेबर पार्टी से इस्तीफा दिया

ब्रिटेन के पूर्व मंत्री लॉर्ड पीटर मैंडेलसन ने सत्तारूढ़ लेबर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा दिवंगत फाइनेंसर और यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन से उनके संबंधों की खबरों के बाद आया है। एपस्टीन से अपने पुराने संबंधों के कारण पिछले साल अमरीका के राजदूत पद से बर्खास्त किए गए मैंडेलसन का नाम शुक्रवार को अमरीका के न्याय विभाग द्वारा जारी की गई फाइलों से सामने आया।

दस्तावेजों से पता चला कि एपस्टीन ने 2003 और 2004 में तीन अलग-अलग लेनदेन में लॉर्ड मंडेलसन को 75 हजार डॉलर का भुगतान किया था। लेबर पार्टी के महासचिव को लिखे अपने पत्र में लॉर्ड मंडेलसन ने कहा कि एपस्टीन फाइलों से उनका नाम जुड़े होने पर उन्‍हें खेद है। उन्होंने कहा कि आरोप झूठे हैं और इसकी जांच होनी चाहिए।

 शुक्रवार को अमरीका के न्याय विभाग ने दिवंगत फाइनेंसर और सजायाफ्ता यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से संबंधित 30 लाख से अधिक पृष्ठों की खोजी सामग्री के साथ-साथ दो हजार से अधिक वीडियो और लगभग एक लाख अस्सी हजार फोटो को सार्वजनिक किया है।