ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री लूला दा सिल्वा को भारत-एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में बताया कि श्री लूला दा सिल्वा के साथ कई मंत्री और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उनके सम्मान में रात्रि भोज देंगी। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। प्रधानमंत्री श्री लूला दा सिल्वा के सम्मान में दोपहर का भोज देंगे। दोनों नेता बहुपक्षीय मंचों में सहयोग, सुधारित बहुपक्षवाद, वैश्विक शासन और वैश्विक दक्षिण से संबंधित मुद्दों सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ लगभग 14 मंत्रियों और ब्राजील की कंपनियों के शीर्ष मुख्य कार्यकारी अधिकारी का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आने की संभावना है।
श्री जायसवाल ने बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी शिखर सम्मेलन के लिए तीन दिन की भारत यात्रा पर आ रहे हैं।
भारत-अमरीका व्यापार वार्ता पर श्री जायसवाल ने कहा कि अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर संयुक्त वक्तव्य इस मामले में दोनों देशों की आपसी समझ का आधार है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष अब इस ढांचे को लागू करने और अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के शांति बोर्ड के संबंध में प्रवक्ता ने कहा कि भारत को अमरीका की ओर से शांति बोर्ड में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
उन्होंने कहा कि वे वर्तमान में प्रस्ताव की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और संवाद को बढ़ावा देने के प्रयासों का लगातार समर्थक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस पहल का स्वागत किया है, जो गजा सहित क्षेत्र में दीर्घकालिक और स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त करती है।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी और चीन के कार्यकारी उप विदेश मंत्री मा झाओक्सू के बीच नई दिल्ली में हुई बैठक के बारे में प्रवक्ता ने बताया कि सीमा पर शांति और स्थिरता समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि श्री मा झाओक्सू ने आश्वस्त किया कि चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सदस्यता के लिए भारत की आकांक्षाओं को समझता है और उनका सम्मान करता है।
रूस के साथ व्यापारिक संबंधों के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत और रूस के बीच व्यापार से लेकर रक्षा तक कई मुद्दों पर निरंतर सहयोग और संपर्क बना हुआ है।
बांग्लादेश के आम चुनावों के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि भारत बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी और विश्वसनीय चुनावों का समर्थन करता है।