ब्राज़ील में, सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो पर 2022 का चुनाव हारने के बाद सरकार को उखाड़ फेंकने की कथित साजिश रचने के लिए मुकदमा चलाया जाएगा। पांच जजों के पैनल ने कल सर्वसम्मति से बोल्सोनारो पर मुकदमा चलाने का फैसला किया।
अगर बोल्सोनारो को इस साल के अंत में होने वाली अदालत की कार्यवाही में दोषी पाया जाता है, तो उन्हें जेल की लंबी सज़ा हो सकती है। फैसले के तुरंत बाद, बोल्सोनारो ने ब्रासीलिया में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और खुद पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया ।
राष्ट्रपति लूला द सिल्वा के शपथ ग्रहण के एक हफ़्ते बाद, 8 जनवरी 2023 को, हज़ारों बोल्सोनारो समर्थकों ने राजधानी ब्रासीलिया में सरकारी इमारतों पर धावा बोल दिया था। जांचकर्त्ताओं का कहना है यह तख्तापलट का प्रयास था।