ब्राज़ील की सीनेट ने मर्कोसुर ब्लॉक और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को मंज़ूरी दे दी है। यह समझौता दुनिया के सबसे बड़े मुक्त व्यापार क्षेत्रों में से एक है। इस समझौते में दक्षिण अमरीकी व्यापार समूह मर्कोसुर ब्लॉक के चार संस्थापक सदस्य शामिल हैं, इसमें ब्राज़ील, अर्जेंटीना, पैराग्वे और उरुग्वे शामिल हैं। अर्जेंटीना और उरुग्वे पहले ही इस समझौते को मंज़ूरी दे चुके हैं। पैराग्वे की संसद को अभी इसे मंज़ूरी देनी बाकी है।
यूरोपीय आयोग ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वह यूरोपीय संघ की सर्वोच्च अदालत द्वारा इसकी वैधता पर फैसला आने तक इस समझौते को अस्थायी रूप से लागू करेगा। फ्रांस किसानों की चिंताओं को लेकर इस समझौते से नाराज है।
इस समझौते पर 25 वर्षों की बातचीत के बाद जनवरी में हस्ताक्षर किए गए थे। यूरोपीय संघ और मर्कोसुर मिलकर वैश्विक जीडीपी का 30% और 70 करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं।