पंजाब और हरियाणा के हजारों किसान अपने आधार कार्ड को बैंक खाते से नहीं जोड़ पाने के कारण सरकार की पी.एम. किसान योजना का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। योजना के अंतर्गत प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किसानों के आधार नंबर से जुड़े खातों में प्रतिवर्ष 6 हजार रूपये अंतरित किए जाते हैं।
यह सहायता दो- दो हजार रूपये की तीन किस्तों में प्रदान की जाती हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हरियाणा और पंजाब, प्रत्येक राज्य में 61-61 हजार किसान आधार संख्या के माध्यम से इस सहायता का लाभ नहीं उठा पाए हैं।
कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने लोकसभा में कल यह जानकारी दी। उन्होनें कहा कि मंत्रालय नियमित रूप से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, सामान्य सेवा केंद्रों और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के समन्वय से बैंक खातों को आधार से लिंक कराने के लिए अभियान चलाता है।
किसानों को इस संबंध में उनके आधार खातों से जुड़े मोबाइल नंबर पर एस.एम.एस. के द्वारा पी.एम.किसान योजना की जानकारियाँ दी जाती हैं। जिससे कि वे अपने बैंक खातों को आधार से जोड़ें।