नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम ने देश के विनिर्माण आधार को मज़बूत और विविध बनाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया है। नई दिल्ली में वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही के लिए नीति आयोग की ट्रेड वॉच तिमाही रिपोर्ट जारी करते हुए, श्री सुब्रह्मण्यम ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा में सुधार आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि भारत को उभरते मांग पैटर्न के साथ तेज़ी से तालमेल बिठाना होगा, अपने निर्यात आधार में विविधता लानी होगी, और व्यापार में भू-राजनीतिक बदलावों पर कड़ी नज़र रखते हुए गैर-चमड़े के जूतों और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में प्रतिस्पर्धा बढ़ानी होगी।
तिमाही रिपोर्ट में देश के चमड़ा और जूते के निर्यात का भी आकलन किया गया है, जो 44 लाख लोगों को रोज़गार देता है और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह रिपोर्ट, तिमाही के लिए देश के व्यापार का व्यापक विश्लेषण भी प्रस्तुत करती है और चमड़ा और जूते के क्षेत्र की पड़ताल करते हुए इसकी रोज़गार क्षमता, निर्यात के अवसरों और वैश्विक बाज़ारों में अधिक प्रतिस्पर्धा की आवश्यकता पर प्रकाश डालती है।