बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी – बी.एन.पी. ने देश में आगामी राष्ट्रीय चुनाव में धांधली की सुनियोजित साजिश का आरोप लगाया है। पार्टी की चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने ढाका में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि एक राजनीतिक दल फर्जी मतदान की साजिश के तहत बड़ी संख्या में बुर्के और नकाब तैयार कर रहा है। उन्होंने इसे चुनावी इंजीनियरिंग का हिस्सा बताया।
लक्ष्मीपुर में कथित तौर पर अवैध वोटिंग सील पाए जाने की खबर का जिक्र करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस साजिश का संबंध एक उम्मीदवार से पाया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदान केंद्रों पर कड़ी पहचान सुनिश्चित करने और बूथों पर महिला अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का आग्रह किया। महदी अमीन ने संभावित हिंसा और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति में कथित अनियमितताओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव में गंभीर बाधा उत्पन्न करेंगे।