फ़रवरी 12, 2026 2:01 अपराह्न

printer

13वें आम चुनाव के लिए बांग्लादेश में मतदान जारी, बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने जताया जीत का विश्वास

बांग्लादेश में 13वें आम चुनाव के लिए 299 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है। आज सुबह साढ़ सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम साढ़े चार बजे तक चलेगा। देशभर में 42 हजार से अधिक केंद्रों पर 12 करोड़ 77 लाख से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं।

इसके साथ-साथ, मतदाता “जुलाई चार्टर” के अंतर्गत प्रस्तावित सुधारों पर जनमत संग्रह में भी भाग ले रहे हैं। आलोचकों का तर्क है कि कई सुधारों को एक ही हां या ना के प्रश्न में शामिल करने से मतदाताओं के विकल्प सीमित हो जाते हैं।

बांग्‍लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी – बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने सुबह ढाका के गुलशन मॉडल हाई स्कूल और कॉलेज में मतदान करने के बाद अपनी पार्टी की जीत के प्रति विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदान समाप्त होने तक मतदान केंद्रों पर बने रहने का आह्वान किया। श्री तारिक ने कहा कि पिछली रात की घटनाओं पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा की गई कड़ी कार्रवाई आश्वस्त करने वाली है।

मीरपुर में वोट डालने के बाद जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी बड़ी अनियमितता को नजरअंदाज नहीं करेगी और मतदान के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्रवाई करेगी। यूरोपीय संघ के पर्यवेक्षक मिशन ने कहा है कि मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।  गृह मामलों के सलाहकार ने मतदान को शांतिपूर्ण बताया है। सेना के सहयोग से देशभर में लगभग नौ लाख 58 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

नतीजे कल तक आने की उम्मीद है, हालांकि कई मतपत्रों के कारण वोटों की गिनती में अतिरिक्त समय लग सकता है।