मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भागीदारी बिहार विधानसभा चुनाव से भी ज्यादा होगी। चेन्नई में आज संवाददाताओं से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि तमिलनाडु ने हर बार चुनाव में मतदान प्रतिशत के मामले में मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन नामांकन की सुविधा उपलब्ध है। लेकिन कानून के अनुसार नामांकन पत्र व्यक्तिगत रूप से भी दाखिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 18 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के युवा मतदाताओं को बड़ी संख्या में मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने छोटे व्यापारियों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा से अधिक धन न रखें। राजनीतिक दलों के संबंध में उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बारे में उन्होंने कहा कि यह बिहार में सफल रही है और इसका मूल संशोधन मतदाता सूची को साफ-सुथरा रखने के लिए किया गया है ताकि मृत या अन्य स्थानों पर पलायन कर चुके लोगों के नाम इसमें शामिल न हों।
इससे पहले श्री कुमार ने पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं और एक दिव्यांगन आइकन को सम्मानित किया।