मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

नवम्बर 6, 2024 12:28 अपराह्न

printer

बिहार – विधान सभा की चार सीटों के लिए प्रचार तेज हुआ, 13 नवंबर को होगा मतदान 

बिहार में विधान सभा की चार सीटों पर उप चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। बेलागंज, इमामगंज, तरारी और रामगढ़ उप चुनाव के लिए दोनों गठबंधनों के अलावा चुनाव लड़ रहे राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता और स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार को पहुंच रहे हैं।
 
 
एनडीए की ओर से भाजपा, जदयू, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा समेत सभी घटक दल अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनसभाओं का आयोजन कर रहे हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन की ओर से भी राजद, कांग्रेस और वाम दलों के नेता चुनाव प्रचार अभियान चला रहे हैं।चारों सीटों पर तेरह नवम्बर को मतदान होना है।
 
 
इमामगंज सीट पर मुख्य मुकाबला हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की दीपा कुमारी और राष्ट्रीय जनता दल के रौशन कुमार के बीच माना जा रहा है। वहीं बेलागंज निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल की मनोरमा देवी तथा राष्ट्रीय जनता दल के विश्वनाथ कुमार सिंह के बीच कांटे की टक्कर है। 
 
 
इधर, कैमूर जिले की रामगढ़ सीट पर राष्ट्रीय जनता दल के अजित कुमार सिंह और भाजपा के अशोक कुमार सिंह के बीच मुख्य मुकाबला की संभावना है। वहीं, भोजपुर जिले में तरारी विधान सभा सीट पर सीपीआई माले के राजू यादव और भाजपा के विशाल प्रशांत आमने सामने हैं। 
 
 
पहली बार चुनाव लड़ रही जन सुराज पार्टी ने भी चारों सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। सभी सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की जी तोड़ कोशिश कर रहे है।