अक्टूबर 16, 2025 10:23 अपराह्न

printer

बिहार विधानसभा चुनाव में राजनीतिक पार्टियों ने तेज़ किया प्रचार

 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का कल अंतिम दिन है। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया और प्रचार अभियान ने गति पकड़ ली है। राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए और महागठबंधन दोनों दलों के कई उम्‍मीदवारों ने आज अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी विभिन्न स्थानों पर नामांकन कार्यक्रमों में शामिल हुए।

वरिष्ठ भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले की तारापुर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, सड़क निर्माण विभाग मंत्री नितिन नवीन ने पटना जिले के बांकीपुर से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने जनता दल यूनाइटेड-जेडीयू उम्मीदवार के रूप में नालंदा से अपना नामांकन दाखिल किया।

राष्‍ट्रीय जनता दल-राजद से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने सीवान से और दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब ने रघुनाथपुर से अपना नामांकन दाखिल किया।

इस बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 29 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही, एनडीए के पांच सहयोगी दलों, भाजपा, जेडीयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अब सभी 243 विधानसभा सीटों के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

हालांकि, कांग्रेस और राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की पूरी सूची घोषित नहीं की है।