निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग के दल ने आज बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए राजनीतिक दलों के साथ विचार-विमर्श किया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल-यू, राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वामपंथी और अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।
सतारूढ़ भाजपा ने कम चरणों में चुनाव कराने की मांग की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने अधिकतम दो चरणों में मतदान कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग है कि चुनाव अगले महीने की तीन या चार तारीख के बाद कराए जाएं।
दूसरी ओर, विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में अपने विचार प्रस्तुत किए। विपक्षी पार्टी ने भी दो चरणों में चुनाव कराने की मांग की। पार्टी नेता अभय कुशवाहा ने आदर्श आचार संहिता के निष्पक्ष पालन पर बल दिया।
निर्वाचन आयोग का दल अभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक कर रहा है। इसमें प्रशासन और कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।