अक्टूबर 11, 2025 8:12 पूर्वाह्न

printer

बिहार विधानसभा चुनाव: एनडीए के घटक दलों के बीच आज सीट बटवारे को अन्तिम रूप देने की संभावना

राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के घटक दलों के बीच आज सीट समझौते को अन्तिम रूप दिया जा सकता है। भाजपा कोर कमेटी की आज नई दिल्‍ली में बैठक होगी जिसमें दो चरणों के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए उम्‍मीदवारों के नाम पर चर्चा होगी और उन्‍हें अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक की अध्‍यक्षता पार्टी के अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा करेंगे। इसमें गृह मंत्री अमित शाह और कोर कमेटी के अन्‍य सदस्‍यों सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता भी शामिल होंगे। बैठक के बाद एनडीए के बीच सीट समझौते की घोषणा भी होने की संभावना है।

मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्‍यक्ष दिलीप जायसावल ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर एक औपचारिक समझौता हो चुका है और आज इस बारे में घोषणा की जाएगी।

भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेद्र प्रधान, बिहार के प्रभारी विनोद तावडे और अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं ने कल पटना में एनडीए के सहयोगी दलों के साथ अलग-अलग और संयुक्‍त बैठकें की। भारतीय जनता पार्टी ने राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा, लोक जनशाक्ति पार्टी (राम विलास) और हिन्‍दुस्‍तानी आवाम मोर्चा के नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया। इस बीच भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नित्‍यानंद राय ने नई दिल्‍ली में लोक जनशाक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्‍यक्ष चिराग पासवान से मुलाकात की।

भाजपा के एक सौ एक और जनता दल यूनाईटेड के एक सौ दो सीटों पर चुनाव लडने की संभावना है। शेष सीटें राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा, लोक जनशाक्ति पार्टी (राम विलास) और हिन्‍दुस्‍तानी आवाम मोर्चा के बीच वितरित होंगी। बिहार में विधानसभा की दो सौ तैंतालीस सीटें हैं।

उधर, कांग्रेस प्रचार समिति के अध्‍यक्ष और वरिष्‍ठ नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा है कि महागठबंधन में भी सीटों का समझौता हो चुका है और जल्‍द ही इसकी घोषणा की जाएगी।

राष्‍ट्रीय जनता दल के संसदीय बोर्ड ने पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष लालू प्रसाद को उम्‍मीदवारों के चयन पर अंतिम फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है।
महागठबंधन में सीट समझौते की घोषणा में देरी को देखते हुए सीपीआईएम ने अपने दो मौजूदा विधायकों सत्‍येंद्र यादव और अजय कुमार को अपने नामांकन भरने का निर्देश दिया है। वाम दल सीट समझौते में देरी से नाराज हैं।

243 सदस्‍यों की बिहार विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा। जबकि 122 निर्वाचन क्षेत्रों में दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला