मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अप्रैल 29, 2024 9:04 अपराह्न

printer

बिहार में लोकसभा चुनाव के तीसरे और बाकी चरणों के लिए राज्य में प्रचार अभियान जोरशोर से जारी

 

बिहार में लोकसभा चुनाव के तीसरे और बाकी चरणों के लिए राज्य में प्रचार अभियान जोरशोर से जारी है। एनडीए और आई.एन.डी.आई गठबंधन के वरिष्ठ नेता मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। भीषण गर्मी और बढ़ते पारे के बावजूद स्टार प्रचारक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लगातार चुनावी रैलियां कर रहे हैं।

एनडीए की ओर से जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के आलमनगर और खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के बेलदौर में गठबंधन उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

श्री कुमार ने बिहार में एनडीए सरकार के शासनकाल में किये गये विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और जनता दल यूनाइटेड ने मिलकर बिहार को राष्‍ट्रीय जनता दल शासन के अंधकार युग से बाहर निकाला है। उन्‍होंने कहा कि एनडीए सरकार का डबल इंजन राज्य का भविष्य बदल सकता है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने भी एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में मुजफ्फरपुर में रोड शो किया। श्री पासवान ने आरोप लगाया कि राष्‍ट्रीय जनता दल नेता वोट बटोरने के लिए आरक्षण और संविधान के नाम पर भय की राजनीति कर रहे हैं।

राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद पहली बार छपरा में चुनाव प्रचार के लिए उतरे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। श्री प्रसाद ने कहा कि सारण लोकसभा सीट उनकी राजनीतिक उत्पत्ति की भूमि रही है और उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए बहुत काम किया है।

राष्‍ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना में कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाता महागठबंधन का समर्थन करेंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी और वाम दलों के नेताओं जैसे महागठबंधन के नेताओं ने भी रोड शो, घर-घर संपर्क कार्यक्रम और सार्वजनिक बैठकें कीं।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

कोई पोस्ट नहीं मिला