मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अप्रैल 30, 2024 5:23 अपराह्न

printer

बिहार में लू का प्रकोप जारी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने आज और कल पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया, भागलपुर और बांका समेत छह जिलों में कुछ स्थानों पर भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, सीवान, शिवहर, दरभंगा, सुपौल, भोजपुर और लखीसराय समेत 15 जिलोें में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ, तीन जिलों बक्सर, मधेपुरा और सहरसा में कुछ स्थानों पर लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केन्द्र, पटना के वैज्ञानिक एस. के. पटेल ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण बिहार के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 42  डिग्री से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान 44  डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ शेखपुरा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, भागलपुर और पूर्णिया में भीषण लू की स्थिति देखी गयी। राजधानी पटना में भी कल पहली बार लू की स्थिति रही।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो मई तक प्रदेशवासियों के लिए भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 मई से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिलने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है। इधर, भीषण गर्मी और लू के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं। राज्य स्वास्थ्य समिति ने सभी सिविल सर्जन और चिकित्सा पदाधिकारियों को पत्र भेजकर अस्पतालों में सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को भी कहा है। राजकीय आर्युवेद कॉलेज अस्पताल, पटना के उपाधीक्षक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए लोगों को लगातार पानी और सत्तू, आम-पना जैसे स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थ का सेवन करने की सलाह दी है।