बिहार में जहरीली शराब कांड में मरने वालों की संख्या बढकर 37 हो गयी है। सबसे अधिक 28 लोगों की मृत्यु सिवान जिले और सात लोगों की मौत सारण जिले में हुई है। वहीं, गोपालगंज जिले से भी दो लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
मृतकों में अधिकतर सिवान जिले के भगवानपुर हाट, लकड़ी नवी गंज , सारण जिले के मशरख प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले हैं जबकि गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर और महम्मदपुर के दो लोगों की जहरीली शराब पीने से मृत्यु हुई है।
पुलिस के अनुसार शराब कांड को लेकर 47 लोगों को अलग अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस क्षेत्र में शराब की बिक्री करने वाले मुख्य आपराधिक सरगना की तलाश में छापेमारी कर रही है। अब तक ढाई सौ से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गयी है।
बिहार के मद्य निषेध और आबकारी मंत्री रत्नेश सादा ने बताया कि लोगों को शराब के हानिकारक प्रभावों के बारे में जन जागरुकता अभियान को और व्यापक किया जायेगा। उन्होंने बताया कि सामाजिक जागरुकता का अभियान तेज होगा।