बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने का आदेश दिया। राज्य में गंगा और अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने से 10 से ज्यादा जिले बाढ़ से प्रभावित हैं।
इनमें पटना, बक्सर, बेगुसराय, सारण, सीवान, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, नालन्दा, गया जिले के निचले इलाके सबसे अधिक प्रभावित हैं। नदी के किनारे के इलाकों में खड़ी फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, कई घर बह गए हैं और मौजूदा बाढ़ की स्थिति के कारण इन क्षेत्रों में 200 से अधिक सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इन इलाकों में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग विस्थापित भी हुए हैं |