प्रदेश में पछुआ हवा की रफ्तार तेज होने के साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले पांच दिनों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। वहीं, अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का औसत तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और औसत अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, हमारे संवाददाताओं ने बताया कि आज सुबह से पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चम्पारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया और कटिहार समेत हिमालय की तराई वाले क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है। दृश्यता का स्तर कम होने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है।