मई 28, 2024 9:24 अपराह्न

printer

बिहार में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए सभी संसदीय क्षेत्रों में प्रचार चरम पर

 

    बिहार में लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए सभी आठ संसदीय क्षेत्रों में प्रचार चरम पर है। एनडीए, आई. एन. डी. आई गठबंधन और अन्य राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता संसदीय क्षेत्रों में लगातार दौरे कर रहे हैं।

     भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पटना साहिब और आरा लोकसभा क्षेत्रों में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

    श्री आदित्यनाथ ने आरा में कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नया भारत बनाया है जहां लोगों को बिना किसी भ्रष्टाचार के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

    जनता दल युनाइटेड अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा में कई जनसभाएं कीं। श्री कुमार ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल-राजद वोट बैंक की राजनीति का फायदा उठा रहा है।

    दूसरी ओर, राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने अपने प्रत्याशी के लिए पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में प्रचार किया।

    राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने भी बक्सर लोकसभा क्षेत्र के मुरार में जनसभा की। उन्होंने राजद और कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में सासाराम, जहानाबाद और पाटलिपुत्र निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक बैठकें भी कीं।