बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि वे आगामी राज्यसभा चुनाव लडे़ंगे। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री कुमार ने कहा कि बिहार विधानसभा के दोनों सदनों और संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनना उनकी हमेशा से इच्छा रही है। श्री नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में दो दशक के अधिक समय से कार्यरत हैं। श्री कुमार ने उन पर भरोसा जताने के लिए बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि जनता द्वारा दिखाए गए विश्वास के कारण बिहार आज विकास और गौरव का एक नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। श्री कुमार ने यह भी आश्वासन दिया कि बिहार की जनता के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा और नई सरकार को पूरा समर्थन तथा मार्गदर्शन देंगे।
इसी बीच, जनता दल युनाइटेड के कुछ कार्यकर्ताओं ने पटना में मुख्यमंत्री के आवास के बाहर राज्यसभा में उनके संभावित कदम का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जनता ने 2025 के विधानसभा चुनावों में नीतीश कुमार के नाम पर मतदान किया था। उन्होंने श्री नीतीश कुमार से दिल्ली न जाने का आग्रह किया।
इस बीच गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार विधानसभा में राज्यससभा नामांकन संबंधी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पटना पहुंचने वाले हैं। इससे पहले, भाजपा ने राज्यसभा चुनावों के लिए दो उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हैं, वहीं एनडीए सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा दूसरी बार राज्यसभा के लिए चुने जाने वाले हैं।