अक्टूबर 6, 2024 12:01 अपराह्न

printer

बिहार के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर

बिहार के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुयी है। बागमती और अधवारा समूह की नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से सीतामढ़ी और दरभंगा जिले के कई नए इलाके बाढ़ की चपेट में आ गये हैं। लखनदेई नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी होने से सीतामढ़ी जिले के बथनाहा, डुमरा और रून्नीसैदपुर प्रखंडों के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। इधर, नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में हुयी बारिश के बाद कोसी और गंडक नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की आशंका बन गयी है। नेपाल के कोसी बराह क्षेत्र से पानी छोड़े जाने के बाद भागलपुर जिले में भी बाढ़ का खतरा एक बार बढ़ गया है। जल संसाधन विभाग ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अभियंताओं और कर्मियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं। इधर, शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड में बागमती नदी का कटाव जारी है। सुपौल, सहरसा, कटिहार, पूर्णिया, पूर्वी चम्पारण और पश्चिमी चम्पारण समेत कई जिलों मेें बाढ़ की स्थिति में मामूली सुधार हुआ है। इधर, राजस्व और भूमि सुधार मंत्री सह सहरसा के प्रभारी मंत्री डॉक्टर दिलीप जायसवाल ने कल जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला