निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत 95.92% मतदाताओं को मसौदा मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। आयोग ने बताया कि गणना प्रपत्र भरने में अभी छह दिन शेष हैं।
आयोग हर संभव प्रयास कर रहा है कि शेष लगभग 32 लाख मतदाताओं को मसौदा मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाए। आयोग ने कहा है कि शेष मतदाताओं से संपर्क हेतु संपूर्ण चुनावी तंत्र प्रयासरत है। चुनाव आयोग ने आगे कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण पहल के अंतर्गत 7 करोड़ 15 लाख से अधिक गणना प्रपत्र एकत्र किए जा चुके हैं। चुनाव आयोग का लक्ष्य पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना है।
चुनाव आयोग ने कहा कि 1.81% मतदाता मृत पाए गए, 2.5 स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए और 5.27% मतदाता अपने पते पर नहीं मिले।
चुनाव आयोग संचार के विभिन्न माध्यमों से ऐसे मतदाताओं को सूचित कर रहा है जो अस्थायी रूप से देश के किसी अन्य भाग में चले गए हैं। शेष शहरी मतदाताओं को पंजीकृत करने के लिए राज्य के सभी 261 शहरी स्थानीय निकायों के सभी 5683 वार्डों में विशेष शिविर भी लगाए गए हैं।