छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कांग्रेस के लोकसभा चुनाव संयोजक संतोष कौशिक और उनके समर्थकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। तखतपुर से भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह की अगुवाई में तखतपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्वरी जुगल कौशिक, जनपद उपाध्यक्ष दिव्या नितेश मिश्रा और पूर्व जनपद सदस्य राकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया।
इससे पहले, कल कांग्रेस नेता और कांकेर के पूर्व विधायक शिशुपाल सोरी सहित सात सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा प्रवेश किया। रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में इन कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरूण साव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
इस बीच कुछ पार्टी नेताओं के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने को लेकर कांग्रेस संचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि किसी के जाने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के उन्नीस लाख से अधिक निष्ठावान कार्यकर्ता हैं, जो चौबीस हजार बूथों पर तैनात हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अवसरवादी लोगों के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस की मजबूती और उसके चुनाव अभियान में कोई कमी नहीं आएगी।