दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी द्वारा बाढ़ राहत शिविरों की बदहाली को लेकर दिल्ली सरकार पर लगाये गए आरोपों को पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बेबुनियाद बताया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिरसा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के दावे आधारहीन हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूरे देश में रिकॉर्ड बारिश होने के बावजूद, दिल्ली में हालात नियंत्रण में हैं।
श्री सिरसा ने कहा कि उनकी सरकार ने मानसून से पहले ही सभी तैयारियां की थीं, जिसके चलते दस हज़ार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए श्री सिरसा ने दावा किया कि वर्ष 2023 में जब यमुना का जलस्तर 45 वर्षों में सबसे उच्च स्तर 2 सौ आठ दशमलव छह-छह मीटर पहुँच गया था, उस समय आम आदमी पार्टी सरकार के नेता और अधिकारियों ने नागरिकों की कोई मदद नहीं की।