मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

सितम्बर 1, 2025 8:09 अपराह्न

printer

बाढ़ प्रभावित पंजाब के किसानों को आश्वासन

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बाढ़ प्रभावित पंजाब के किसानों को आश्वासन दिया कि इस प्राकृतिक आपदा के समय केंद्र सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। श्री चौहान ने नई दिल्ली में कृषि क्षेत्र की राष्ट्रव्यापी स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। बैठक के दौरान, उन्‍होंने विभिन्न राज्यों में वर्षा की स्थिति की समीक्षा की और पंजाब के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ तथा फसलों पर इसके प्रभाव के बारे में अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। श्री चौहान ने कहा कि वह जल्द ही पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लेंगे और संकटग्रस्त किसानों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगे।

    श्री चौहान ने खाद्यान्न फसलों के साथ-साथ बागवानी की प्रगति की भी समीक्षा की। मंत्रालय के अधिकारियों ने श्री चौहान को विभिन्न राज्यों में वर्षा और जलाशयों की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। अधिकारियों ने श्री चौहान को बताया कि इस वर्ष कई राज्यों में औसत से अधिक वर्षा हुई है, जो फसलों के लिए लाभदायक है। श्री चौहान ने अधिकारियों को किसानों को खाद्यान्न फसलों के साथ-साथ बागवानी सहित एकीकृत खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने का भी निर्देश दिया, ताकि वे अधिक आय अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि एकीकृत कृषि प्रणाली को किसानों के बीच व्यापक रूप से बढ़ावा दिया जाना चाहिए।