बांग्लादेश में 13वें जातीय संसदीय चुनाव के लिए प्रचार अभियान आज से शुरू हो गया है। चुनाव चिन्हों के आवंटन और अंतिम उम्मीदवारों की पुष्टि के साथ ही 12 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले देशभर में राजनीतिक गतिविधियां तेज़ हो गईं है।
निर्वाचन आयोग ने कल उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए। आयोग के अनुसार 300 संसदीय सीटों के लिए लगभग 2000 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के साथ-साथ 12 फरवरी को एक देशव्यापी जनमत संग्रह भी कराया जाएगा।
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने अपने आधिकारिक चुनाव अभियान की शुरुआत सिलहट से करने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान पहले दिन सात जिलों में रैलियों को संबोधित करेंगे। जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफीकुर रहमान आज ढाका-15 निर्वाचन क्षेत्र से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।
वहीं, जातीय पार्टी 196 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रही है। पार्टी के महासचिव शमीम हैदर पटवारी ने समान अवसरों के अभाव का हवाला देते हुए चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई है। जातीय पार्टी के अध्यक्ष जी.एम. कादर रंगपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे।