केंद्र सरकार ने बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात, भूटान, बहरीन, मॉरीशस और श्रीलंका को 99 हजार मीट्रिक टन से अधिक प्याज के निर्यात की अनुमति दे दी है। सरकार ने पश्चिम एशिया और कुछ यूरोपीय देशों के लिए विशेष रूप से उगाए गए दो हजार मीट्रिक टन सफेद प्याज के निर्यात की भी अनुमति दी है। पिछले साल दिसंबर में, वर्ष 2023-24 में खरीफ और रबी फसलों की अनुमानित कम उपज को देखते हुये और पर्याप्त घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा कि मूल्य स्थिरीकरण कोष के अंतर्गत रबी-2024 में से प्याज की बफर खरीद का लक्ष्य इस साल पांच लाख टन तय किया गया है। नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और नेफेड जैसी केंद्रीय एजेंसियां खरीद और भंडारण में सहयोग के लिए स्थानीय एजेंसियों के साथ समझौता कर रही हैं।