बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव और जुलाई के राष्ट्रीय संविधान पर जनमत संग्रह के समापन के बाद मतगणना जारी है। देशभर के 299 निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह साढे सात बजे से शाम साढे चार बजे तक मतदान हुआ।
चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा और मतदान सम्पन्न होने से पहले मतदान केंद्रों के परिसर में मौजूद मतदाताओं को वोट डालने दिया गया।
चुनाव आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद के अनुसार 42 हजार 651 मतदान केंद्रों में से 36 हजार 31 केंद्रों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर दोपहर दो बजे तक 47 दशमलव नौ-एक प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। आयोग ने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र पर मतदान नहीं रोका गया और स्थिति नियंत्रण में रही।
हालांकि कई घटनाएं सामने आईं, जिनमें दो जिलों में ग्रेनेड विस्फोट और राजशाही-3 में एक मतदान केंद्र के बाहर निर्दलीय उम्मीदवार हबीबा बेगम पर कथित हमला शामिल है।
बताया जा रहा है कि दिन में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से चार लोगों की मौत हो गई। बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की।
उन्होंने अनियमितताओं और मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कुमिला-8, शरियतपुर-2 और पटुआखाली-1 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान स्थगित करने की मांग की। मतदान आयोग द्वारा मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है।