फ़रवरी 10, 2026 10:00 अपराह्न

printer

बांग्लादेश में 13वीं जातीय संसद चुनाव के लिए प्रचार समाप्त, 12 फरवरी को मतदान

बांग्लादेश में 13वीं जातीय संसद के चुनाव के लिए प्रचार आज सुबह साढ़े सात बजे समाप्त हो गया। 12 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं और हिंसा बढ़ रही है।

चुनाव के लिए बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगभग 9 लाख पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि सेना को 14 फरवरी तक विशेष अलर्ट पर रखा गया है। चुनाव आयोग ने कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए मतदाताओं के अपने निर्वाचन क्षेत्रों से बाहर रहने पर पाबंदी लगा दी है।

इन उपायों के बावजूद, राजनीतिक हिंसा और पत्रकारों पर हमले बढ़ गए हैं। मानवाधिकार समूह ऐन ओ सालिश केंद्र ने जनवरी के अंत से राजनीतिक झड़पों में छह मौतों और लगभग 900 घायलों की जानकारी दी है। चुनाव में महिला उम्मीदवारों ने भी उत्पीड़न, धमकियों और उन्‍हें बदनाम करने वाले अभियानों की शिकायत की है।

बांग्लादेश में 299 निर्वाचन क्षेत्रों में 51 पार्टियों के 2,034 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जबकि 12 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता हैं। मतदान मतपत्रों से होगा और हिंसा के प्रति शून्य सहिष्णुता का आश्वासन दिया गया है।

बांग्लादेश में इस बार कड़ी सुरक्षा, गहरे राजनीतिक ध्रुवीकरण और निष्पक्षता, सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक परिवेश को लेकर लगातार बनी चिंताओं के बीच चुनाव हो रहा है।