बांग्लादेश में कल देर रात मेमनसिंह के त्रिशाल उपजिला में एक व्यापारी की उसकी दुकान में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हमलावर कई लाख टका भी लूट कर ले गए। मृतक की पहचान 62 वर्षीय सुशेन चंद्र सरकार के रूप में हुई है, जो चावल व्यापारी थे। इस घटना ने बांग्लादेश में होने वाले राष्ट्रीय चुनावों से पहले कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे बोगर बाजार चौराहे पर स्थित दुकान में अज्ञात हमलावरों ने सुशेन चंद्र पर धारदार हथियारों से उनके सिर पर वार किए। परिवार के सदस्य घायल को मेमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह हत्याकांड ऐसे संवेदनशील समय में हुआ है, जब बांग्लादेश में हिंसा और धमकियों की बढ़ती घटनाओं के बीच संसदीय चुनाव होने वाले हैं।
मानवाधिकार समूहों और पर्यवेक्षकों ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के तहत कमजोर समुदायों तथा विशेष रूप से धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के बारे में बार-बार चिंता व्यक्त की है। यह भी चेतावनी दी गई है कि इस तरह की घटनाएं चुनावों से पहले भय और असुरक्षा को बढ़ावा दे सकती हैं।