फ़रवरी 1, 2026 9:55 अपराह्न

printer

बांग्लादेश में महिलाओं पर टिप्पणी के खिलाफ ढाका विश्वविद्यालय में जेसीडी का प्रदर्शन

बांग्लादेश जातीयतावादी छात्र दल-जेसीडी ने आज ढाका विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन जमात-ए-इस्लामी के अमीर डॉ. शफीकुर रहमान के सोशल मीडिया पोस्‍ट से कथित तौर पर कामकाजी महिलाओं के बारे में की गई टिप्पणियों के खिलाफ था। इन टिप्पणियों को समूह ने आपत्तिजनक और अपमानजनक बताया।

यह विरोध प्रदर्शन डॉ. रहमान के सोशल मीडिया पोस्ट के कारण कल दोपहर के आसपास शुरू हुआ। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया था कि महिलाओं को नेतृत्व के पदों पर नहीं होना चाहिए और महिलाओं को कार्यस्थलों में धकेलने से वे शोषण और नैतिक पतन का शिकार होती हैं। इस सोशल मीडिया पोस्‍ट को बाद में हटा लिया गया था।

जमात-ए-इस्लामी ने बाद में कहा कि डां० रहमान का सोशल मीडिया हैक हो गया था और पोस्ट में रहमान के विचार नहीं थे। इन टिप्पणियों की राजनीतिक दलों, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज ने व्यापक आलोचना की, और जेसीडी नेताओं ने कहा कि इनसे कामकाजी महिलाओं का अपमान हुआ है। डॉ. रहमान ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा था कि महिलाएं पार्टी का नेतृत्व नहीं कर सकतीं और आगामी संसदीय चुनावों के लिए किसी भी महिला उम्मीदवार को नामांकित नहीं किया गया है।