फ़रवरी 17, 2026 10:17 अपराह्न

printer

बांग्लादेश में बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद की ली शपथ

बांग्लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने आज बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन के अन्‍तर्गत लगभग 18 महीने की अनिश्चितता के बाद यह नया राजनीतिक अध्याय है।

    राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने ढाका में जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में पद की शपथ दिलाई। यह बंगभवन में समारोह आयोजित करने की लंबे समय से चली आ रही परंपरा से हटकर है।   राष्ट्रपति ने 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। जल्द ही इनके विभागों का बंटवारा होने की उम्मीद है।

    लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया। समारोह में वरिष्ठ राजनीतिक नेता और शीर्ष सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद श्री बिरला ने संसद भवन में नव नियुक्त प्रधानमंत्री से मुलाकात की। रहमान – पूर्व राष्ट्रपति ज़ियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया के बेटे हैं। वे लंदन में 17 वर्ष बिताने के बाद दिसंबर में बांग्लादेश लौटे। उनके शपथ ग्रहण से लगभग दो दशकों के बाद बीएनपी के नेतृत्व वाली सरकार की वापसी हुई है और औपचारिक रूप से यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन की जगह ली है, जिन्होंने अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के गिरने के बाद कार्यभार संभाला था।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज बांग्‍लादेश के नव निर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान से ढाका स्थित संसद भवन में शपथ ग्रहण समारोह के बाद शिष्टाचार मुलाकात की। लोकसभा अध्‍यक्ष और विदेश सचिव विक्रम मिसरी शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

    भारतीय प्रतिनिधिमंडल भारतीय वायु सेना के एक विशेष विमान से ढाका पहुंचा। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के सचिव डॉ. मोहम्मद नजरुल इस्लाम, भारतीय उच्चायुक्त प्रणय वर्मा और भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त मोहम्मद रियाज हामिदुल्लाह ने उनका स्वागत किया।