दिसम्बर 22, 2025 6:08 अपराह्न

printer

बांग्लादेश में प्रोथोम आलो और द डेली स्टार के कार्यालयों पर हमला अंतरिम सरकार के इशारे पर हुई: सम्‍पादक परिषद के अध्‍यक्ष नुरुल कबीर

बांग्लादेश सम्‍पादक परिषद के अध्‍यक्ष नुरुल कबीर ने आरोप लगाया है कि 18 दिसंबर की रात प्रोथोम आलो और द डेली स्टार के कार्यालयों पर योजनाबद्ध हमला और आगजनी की घटना देश में अंतरिम सरकार के इशारे पर हुई थी। न्यू एज अखबार के संपादक नुरुल कबीर ने कहा कि वरिष्‍ठ सलाहकारों और सरकारी अधिकारियों को बार-बार संपर्क करने के बावजूद अधिकारी हिंसा रोकने या समय पर बचाव करने में विफल रहे। श्री कबीर ने इस घटना को “मध्यकालीन तरीके से जलाने और मारने” की कोशिश बताया। उन्‍होंने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचने का उनका अपना फैसला मदद करने की भावना से प्रेरित था। यह घटना उच्चतम स्तर पर आधिकारिक विफलता के बिना नहीं हो सकती थी।

द डेली स्टार के संपादक महफूज अनम ने कहा कि इन हमलों का इरादा “जानलेवा” था। उन्होंने उन वीडियो का हवाला भी दिया जिनमें हमलावर पत्रकारों को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि दर्जनों कर्मचारी छत पर फंस गए थे क्योंकि भीड़ ने अग्निशमन कर्मियों को काम करने से रोक दिया था, जिससे यह हमला पत्रकारों के जीवित रहने के अधिकार पर सीधा खतरा बन गया।

एडिटर्स काउंसिल और बांग्लादेश न्यूजपेपर ओनर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित एक संयुक्त विरोध रैली में बांग्‍लादेश राष्‍ट्रवादी पार्टी-बी एन पी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने कहा कि यह हिंसा सिर्फ दो अखबारों के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतंत्र पर हमला था। उन्‍होंने दो प्रमुख अखबारों पर हुए हमलों को देश की मीडिया के लिए काला दिन बताया। उन्‍होंने कहा कि इससे प्रेस की स्वतंत्रता, सार्वजनिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक संस्थानों की रक्षा पर गंभीर सवाल उठते हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला