फ़रवरी 15, 2026 8:14 पूर्वाह्न

printer

बांग्लादेश में नव निर्वाचित सांसद और मंत्रिमंडल सदस्य मंगलवार को शपथ ग्रहण करेंगे

 
 
बांग्लादेश में नवनिर्वाचित सांसदों और मंत्रिमंडल के सदस्यों को मंगलवार 17 फरवरी को शपथ दिलाई जाएगी। हाल ही में संपन्न आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की है।
 
बीएनपी ने संसदीय चुनाव में अब तक घोषित 297 सीटों के परिणामों में से 209 सीटें जीती हैं। अदालती आदेश के कारण दो सीट के परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं।
 
बीएनपी के नेताओं ने कहा है कि शपथ-ग्रहण समारोह के लिए भारत, चीन और पाकिस्तान सहित आसपास के एक दर्जन शासनाध्यक्षों को आमंत्रित किए जाने की संभावना है।
 
बीएनपी के महासचिव हुमायूं कबीर ने बताया कि बीएनपी सरकार आपसी सम्मान और हित के आधार पर भारत सहित अन्य देशों के साथ अपने संबंधों को मज़बूत करना चाहती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया के अंतिम संस्कार में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की मौजूदगी और आम चुनाव में जीत के बाद तारिक रहमान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोन पर बातचीत को सकारात्मक राजनयिक पहल बताया।
 
बीएनपी प्रमुख तारिक़ रहमान ने कहा है कि शांति और कानून-व्यवस्था की बहाली उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी और किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।