फ़रवरी 9, 2026 1:00 अपराह्न

printer

बांग्लादेश में चुनाव से पहले अहम परियोजनाओं को जल्दबाजी में मंजूरी देने पर यूनुस नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की आलोचना

बांग्लादेश में चुनाव से कुछ ही दिन पहले, कई महत्वपूर्ण अनुबंधों और परियोजनाओं को जल्दबाजी में मंजूरी देने के लिए मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार की आलोचना हो रही है। अर्थशास्त्रियों के अनुसार ये कदम अगली निर्वाचित सरकार के कामकाज को प्रभावित कर सकते हैं। अंतरिम सरकार ने दर्जनों नई परियोजनाओं और बड़े खरीद सौदों को मंजूरी दी है, जिनमें 14 बोइंग विमानों और चीन तथा ब्रिटेन से जहाजों की खरीद, अमरीका के साथ व्यापार समझौता और नौवें वेतनमान से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं, जिनसे वार्षिक व्यय में एक लाख करोड़ टका से अधिक की वृद्धि हो सकती है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद से, लगभग एक लाख सात हजार करोड़ टका मूल्य की 64 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। विश्लेषकों का कहना है कि ऐसे निर्णय उच्च मुद्रास्फीति, बढ़ते कर्ज और गैर-निष्पादित ऋणों के बीच आने वाली सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। अर्थशास्त्रियों और नीति विशेषज्ञों ने इन समझौतों की पारदर्शिता और आवश्यकता पर सवाल उठाए हैं।