बांग्लादेश में सोमवार की शाम जसोर के मोनिरामपुर उप-जिले में अज्ञात हमलवारों ने सरेआम एक हिन्दू व्यापारी की गोली मार कर हत्या कर दी। इस कारण क्षेत्र में भय का वातावरण है और चुनाव से पहले कानून व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
पीड़ित की पहचान केशबपुर उप-जिले के अरूआ ग्राम के तुषार कांति बैरागी के 45 वर्षीय पुत्र राणा कांति बैरागी ऊर्फ राणा प्रताप के रूप में हुई है। राणा कांति बैरागी कोपलिया बाजार में बर्फ बनाने की फैक्ट्री के मालिक थे। इसी स्थान पर कल शाम लगभग 5:45 बजे यह घटना हुई। राणा प्रताप नाराइल स्थित दैनिक बी. डी. खोबोर के कार्यवाहक संपादक के रूप में भी कार्यरत थे।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार राणा प्रताप कोपालिया बाजार में थे जहां हमलावरों के एक समूह ने उन पर अचानक गोली चला दी। वह गोली लगने के बाद गिर गए और सहायता मिलने से पहले अधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौत हो गई। इस हत्या के बाद कोपलिया बाजार और आस-पास के क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल है।
मोनिरामपुर के प्रभारी अधिकारी रजीउल्ला खान ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए जसोर जनरल अस्पाल शव गृह भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। इस हत्या के जिम्मेदार लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं लेकिन हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।
स्थानीय खबरों के अनुसार, कम समय में कई हत्याओं की खबर से जसोर के निवासियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था में अचानक आई गिरावट ने आगामी चुनावों से पहले व्यापक भय का माहौल बना दिया है।