बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी -बीएनपी के नव निर्वाचित सांसदों ने आज सुबह जातीय संसद में पद की शपथ ली।
हालांकि, उन्होंने संविधान सुधार परिषद के सदस्य के रूप में शपथ नहीं ली, यह जानकारी एक प्रमुख स्थानीय दैनिक डेली स्टार ने दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ए.एम.एम नासिर उद्दीन ने उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में बीएनपी नेता सलाउद्दीन अहमद ने कहा कि पार्टी प्रमुख तारिक रहमान के निर्देशों के बाद सभी निर्वाचित बीएनपी सांसदों को संविधान सुधार परिषद के फॉर्म पर हस्ताक्षर न करने के लिए कहा गया है, क्योंकि वे परिषद के सदस्य के रूप में निर्वाचित नहीं हुए हैं।
इस बीच बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के नवनिर्वाचित सांसदों ने कहा है कि वे तब तक शपथ नहीं लेंगे जब तक बीएनपी के सांसद संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्य के रूप में शपथ नही ले लेते। पार्टी के नायब-ए-अमीर सैयद अब्दुल्ला मोहम्मद ताहिर ने आज सुबह यह बात कही।
श्री ताहिर ने बताया कि हालांकि उनके नवनिर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे निर्धारित है और वे इसमें शामिल होंगे। लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक बीएनपी के सांसद संवैधानिक सुधार परिषद की शपथ नहीं लेते, जमात के सांसद शपथ नहीं लेंगे क्योंकि वे सुधारों के बिना संसद को अर्थहीन मानते हैं।
इस बीच, बी.एन.पी संसदीय दल ने आज पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान को सदन का नेता चुना। संसदीय दल के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने बताया कि यह निर्णय जातीय संसद भवन में हुई दल की बैठक में लिया गया।