फ़रवरी 14, 2026 9:09 पूर्वाह्न

printer

बांग्‍लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी को आम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत

बांग्‍लादेश नेशनलिस्‍ट पार्टी-बीएनपी ने बांग्‍लादेश के आम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। पार्टी ने अब-तक घोषित 297 सीटों के परिणाम में से 209 सीटें जीती हैं। 300 सदस्‍यों वाली संसद में सरकार बनाने के लिए 191 सीट की आवश्‍यकता होती है। जीत के बाद बीएनपी के अध्‍यक्ष तारिक रहमान ने समर्थकों को धन्‍यवाद दिया और पार्टी नेताओं के साथ सत्‍ता हस्‍तांतरण पर चर्चा की।

स्‍थायी समिति के सदस्‍य आमिर खसरू महमूद चौधरी ने बताया कि शपथ-ग्रहण की तैयारियां चल रही हैं। बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरूल इस्‍लाम आलमगीर ने पार्टी की जीत को भावुक क्षण बताते हुए कहा कि पूर्व अध्‍यक्ष खालिदा जिया पार्टी की सत्‍ता में वापसी नहीं देख सकीं। उन्‍होंने कहा कि अर्थव्‍यवस्‍था को पटरी पर लाना, कानून-व्‍यवस्‍था बनाए रखना, भ्रष्‍टाचार रोकना और न्‍याय सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी।

इस बीच, बांग्‍लादेश जमात-ए-इस्‍लामी और इसके 11 सहयोगी दलों ने मतगणना और परिणाम घोषणा में अनियिमतता का आरोप लगाया है। इन दलों ने चेतावनी दी है कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से न लेने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन होगा। हालांकि जमात नेताओं ने जनमत-संग्रह के बाद जुलाई के राष्‍ट्रीय घोषणापत्र पर अमल में सहयोग का वायदा भी किया है।