बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान, पार्टी के अध्यक्ष का पदभार संभालने वाले हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीएनपी संविधान के तहत तारिक रहमान स्वतः ही अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। हालांकि, अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
अगले महीने की 12 तारीख को होने वाले 13वें जातीय संसद चुनाव को देखते हुए बीएनपी नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे का विशेष रूप से चुनाव प्रचार सामग्री के संबंध में शीघ्र समाधान आवश्यक है। चुनाव आचार संहिता के अनुसार उम्मीदवार बैनर, पोस्टर और पर्चे पर केवल वर्तमान पार्टी प्रमुख की तस्वीर का ही उपयोग कर सकते हैं।
बीएनपी स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि पार्टी इस मामले पर चुनाव आयोग से स्पष्टीकरण मांगेगी। पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख खालिदा जिया का लंबी बीमारी के बाद पिछले महीने की 30 तारीख को निधन हो गया था। तब से अध्यक्ष पद खाली है।