बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने स्पष्ट किया है कि आगामी 12 फरवरी को होने वाले राष्ट्रीय चुनाव में अवामी लीग भाग नहीं ले सकेगी क्योंकि सरकार ने पार्टी की गतिविधियों पर रोक लगा रखी है और उसका पंजीकरण रद्द किया जा चुका है।
मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफिकुल आलम ने बताया है कि अवामी लीग के बारे में सरकार की स्थिति “स्पष्ट” है। उनका कहना था कि पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां अभी भी प्रतिबंधित हैं और एक राजनीतिक दल के रूप में उसका पंजीकरण निलंबित है। इसके परिणामस्वरूप, पार्टी आगामी चुनाव में भाग नहीं ले सकती।
श्री आलम ने कल ढाका स्थित विदेशी सेवा अकादमी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने उन सवालों का जवाब दिया, जो संवाददाताओं के अनुसार पांच अमरीकी सांसदों द्वारा मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस को भेजे गए पत्र से जुड़े हैं। इसमें समावेशी, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील की गई है। श्री आलम ने कहा कि उन्होंने यह पत्र नहीं देखा है और उसके विषय से अवगत नहीं हैं।
अमरीकी सांसद-प्रतिनिधि ग्रेगरी डब्ल्यू. मीक्स, बिल ह्युइजेंगा, सिडनी कामलेगर-डव, जूली जॉनसन और टॉम सुओज़ी-ने चिंता व्यक्त की थी कि किसी पूरी राजनीतिक पार्टी पर प्रतिबंध लगाने से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते है।
अंतरराष्ट्रीय चिंताओं के बावजूद, अंतरिम सरकार ने कहना है कि अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध और निर्वाचन आयोग द्वारा उसके पंजीकरण को रद्द किए जाने के कारण पार्टी आगामी चुनाव से बाहर रहेगी।