बांग्लादेश के रेडीमेड गारमेंट-आर.एम.जी. निर्यात में वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छह माही, जुलाई-दिसंबर में अधिकांश प्रमुख बाजारों में गिरावट आई। इसका मुख्य कारण घरेलू राजनीतिक अस्थिरता, कानून-व्यवस्था की चुनौतियां और प्रतिकूल वैश्विक आर्थिक माहौल रहा।
निर्यात संवर्धन ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान आर.एम.जी. निर्यात में पिछले वर्ष की तुलना में 2.63% की गिरावट दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2025 में यह 19.88 अरब डॉलर था। निर्यातकों ने कहा कि घरेलू स्तर पर राजनीतिक तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं ने खरीदारों के विश्वास को कम किया। वहीं, कमजोर वैश्विक मांग, मुद्रास्फीति, टैरिफ संबंधी मुद्दे तथा आर्थिक मंदी ने प्रदर्शन को और भी प्रभावित किया।
यूरोपीय संघ, अमरीका और गैर-पारंपरिक बाजारों में भी निर्यात पर असर पड़ा। इसके विपरीत, ब्रिटेन और कनाडा को निर्यात में मामूली वृद्धि हुई।
उद्योग जगत का कहना है कि अशांति और नीतिगत अनिश्चितताओं के बीच खरीदारों का रुख प्रतिद्वंद्वी देशों की ओर मुड गया है।
अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि यह मंदी तत्काल सुधारों की आवश्यकता का संकेत देती है।