बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन और प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने आज शहीद सेना दिवस के अवसर पर पिलखाना घटना के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बनानी सैन्य कब्रिस्तान में पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद अधिकारियों की याद में एक मिनट का मौन रखा।
उपस्थित लोगों में गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद, सेना प्रमुख जनरल वाकर-उज़-ज़मा नौसेना प्रमुख एडमिरल एम नज़मुल हसन, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान और बांग्लादेश सीमा रक्षक बल के महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफ उज़ज़मा सिद्दीकी शामिल थे।
25-26 फरवरी, 2009 को पिलखाना स्थित तत्कालीन बांग्लादेश राइफल्स मुख्यालय में 57 सेना अधिकारियों सहित 74 लोग शहीद हो गए थे, जो देश के सैन्य इतिहास की सबसे घातक घटनाओं में से एक है। 2024 से, इस दिन को शहीद अधिकारियों को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे देश में आधिकारिक तौर पर मनाया जाता है।