बहुजन समाज पार्टी की आज लखनऊ में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मायावती को एक बार फिर सर्वसम्मति से अगले पांच साल के लिए पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चन्द्र मिश्रा ने बैठक में मायावती के निर्वाचन की घोषणा की। अध्यक्ष चुने जाने के बाद मायावती ने सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि बहुजन हिताय और बहुजन सुखाय के कल्याणकारी सिद्धांत और लक्ष्य की प्राप्ति पर डटे रहकर अपना संघर्ष इस उम्मीद पर जारी रखें कि यह संघर्ष एक दिन बहुजनों के पक्ष में जरूर रंग लाएगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली विधानसभा के लिए शीघ्र होने वाले आम चुनाव को बसपा मजबूती के साथ लड़ेगी। इसको लेकर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को कुछ जरूरी निर्देश भी दिए। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद को कई अन्य राज्यों का प्रभारी भी बनाया गया है।
बैठक में प्रदेश के सभी पदाधिकारियों के साथ ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी शामिल रहे जिनके साथ चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी चर्चा की गई।