अगस्त 17, 2025 10:07 अपराह्न

printer

बर्लिन में भारतीय दूतावास ने भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर परेड का हुआ आयोजन

जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बर्लिन में भारत परेड का आयोजन किया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि ‘भारत परेड’ ब्रैंडेनबर्ग गेट से हम्बोल्ट फोरम स्थित सांची स्तूप तक हुई।

 

विदेश मंत्रालय के अनुसार लगभग एक हज़ार प्रवासी भारतीय और भारत के मित्र इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस परेड में देशभक्ति के गीतों और भारतीय संगीत ने एकता और उत्सव का माहौल बना दिया। समारोह को संबोधित करते हुए जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते ने जर्मनी में प्रवासी भारतीयों के विकास का उल्‍लेख किया और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।

 

विदेश मंत्रालय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान, गरबा, भांगड़ा और मल्लखंभ सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत और विविधता को दर्शाते हैं। इस वर्ष के समारोह इसलिए भी विशेष महत्व रखते हैं क्योंकि यह भारत-जर्मनी सामरिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे होने पर हो रहे हैं। इससे दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग के घनिष्ठ संबंधों की पुष्टि होती है।