मार्च 3, 2026 7:54 पूर्वाह्न

printer

बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप शुरू, 12 भारतीय खिलाड़ी ले रहे हैं भाग

बैडमिंटन में, भारत आज बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपने अभियान की शुरुआत करेगा। सभी पांच स्पर्धाओं में भारत के 12 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु खाड़ी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण दुबई में फंसी हुई हैं इसलिए टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगी। पीवी सिंधु की अनुपस्थिति में लक्ष्‍य सेन टीम की अगुवाई कर रहे हैं। पुरुष सिंगल्‍स में, लक्ष्‍य सेन का सामना पहले दौर में विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्‍त और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यु ची के साथ होगा।

महिला सिंगल्‍स में, मालविका बंसोद का मुकाबला ओलंपिक चैंपियन और विश्व में तीसरे नंबर की खिला़ड़ी चीन की चेन युफेई से होगा। वहीं उन्नति हुडा, थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग के साथ खेलेंगी। महिला डबल्‍स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला जापान की अनुभवी जोड़ी सायका हिरोटा और अयाको सकुरामोतो से होगा। ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की मिक्‍स्‍ड डबल्‍स जोड़ी का सामना मलेशिया के हू पांग रॉन और चेंग सु यिन की जोड़ी से होगा।

भारत की सबसे बड़ी खिताब की उम्मीदें एक बार फिर पुरुष डबल्‍स वर्ग पर टिकी हैं, जहां विश्व में पहले नंबर पर रही सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी कल मलेशिया के कांग खाई शिंग और आरोन ताई के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।