मथुरा के बरसाना में कल राधा रानी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए आज से ही बड़ी संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। प्रशासन की ओर से 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को साथ न लाने का अनुरोध किया गया है। राधा रानी जन्मोत्सव में भाग लेने के लिए पहुंचे श्रद्धालु बरसाना में रोप-वे से दर्शन कर रहे हैं।
श्रीजी राधा रानी के जन्मोत्सव के लिए बरसाना में राधा रानी के महल को खास फूलों से सजाया गया है। 11 सितंबर की रात्रि दो बजे मंदिर परिसर में मंगल बधाई गायन शुरू होगा। सुबह 4ः30 बजे मंगला आरती, सुबह 5 बजे जन्मोत्सव दर्शन, सुबह साढ़े पांच से साढ़े छह बजे तक विशेष महाभिषेक होगा। राधा रानी, महाभिषेक के बाद शीश महल में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगी। 11 सितंबर की शाम को राधा रानी को सोने से बनी पालकी में विराजमान कर मंदिर के पुजारी महल से नीचे बनी सफेद छतरी में लाएंगे।
इस दौरान राधा रानी पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जायेगी। जिला प्रशासन और पुलिस ने मेला क्षेत्र में 48 पार्किंग स्थल और 86 बैरियर बनाए हैं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के लिए 52 सीसीटीवी लगाए गए हैं। भक्तों की सुविधा के लिए 120 बसों और 20 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाई जा रही हैं।